मेजबान मैक्सिको ने शुक्रवार को ग्वाडलहारा स्टेडियम में साउथ कोरिया को 1-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है। मैक्सिको की ओर से लुइस रोमो ने हाफ टाइम के तुरंत बाद एकमात्र गोल दागा, जब साउथ कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू की गलती का फायदा उठाते हुए उन्होंने गेंद को नेट में पहुंचाया।
मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगेल ने आखिरी मिनटों में शानदार डबल सेव कर टीम की बढ़त कायम रखी। इस जीत के साथ मैक्सिको ने ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पक्का कर लिया है, जबकि एक मुकाबला अभी बाकी है। अब मैक्सिको नॉकआउट चरण में 30 जून को तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगा।
